टूटा हुआ ताला दिखाते लेखपाल बाबूराम। संवाद
- फोटो : AURAIYA
ककोर। जिला मुख्यालय के निकट ककोर में सोमवार रात चोरों ने चार घरों के ताले तोड़ कर दो घरों से लाखों का सामान व नकदी चोरी कर लिया, जबकि दो घरों में कुछ नहीं मिला। लोगों सुबह होने पर जानकारी हुई तो पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस छानबीन कर चोरों की तलाश में जुट गई है।
ककोर में दिबियापुर रोड निवासी सेवानिवृत्त दरोगा ब्रजपाल सिंह सिंह, अंजू देवी, योगेश कुमार व लेखपाल बाबूराम के बंद घरों को चोरों ने निशाना बनाया। चोरी की सूचना पर पहुंचे ब्रजपाल के भतीजे दिलीप ने बताया कि चाचा के मकान में वह दुकान किए हैं। शाम को दुकान बंद कर घर चला गया। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने ताले टूटे होने की जानकारी दी। बताया कि घर से 45 हजार की नकदी समेत लाखों के जेवर चोरी हुए हैं।
बताया कि चाचा दवा लेने झांसी गए थे। जबकि परिवार के अन्य लोग पैतृक गांव बले का पुरवा फफूंद में थे। वहीं किराए पर रह रहीं प्रतापपुर निवासी अंजू देवी पत्नी जितेंद्र ने बताया कि उनकी दादी की सोमवार को तेरहवीं थी, इस लिए वह परिवार संग प्रतापपुर गई थी। लौट कर आई तो चोरी की जानकारी हुई। बताया कि वह चूड़ी की दुकान किए हैं। चोर घर से गृहस्थी का सामान व पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं।
वहीं चोरों ने पड़ोस में ही रहने वाले योगेश कुमार पुत्र मूलचंद और लेखपाल बाबूराम के बंद घरों को भी निशाना बनाया। इनके घरों से चोर कुछ भी चोरी नहीं कर सके। लेखपाल बाबूराम ने बताया कि उन्होंने मकान बनवाया, लेकिन अभी यहां शिफ्ट नहीं हुए हैं। परिवार अभी पास के गांव ही में रहता है। एक साथ चार घरों में चोरी की जानकारी होने पर लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल खड़े किए हैं। चोरी की जानकारी पर ककोर चौकी प्रभारी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और छानबीन की। दिबियापुर थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
सेवानिवृत्त दरोगा के घर बिखरा सामान दिखाता भतीजा दिलीप। संवाद- फोटो : AURAIYA