औरैया: बाइक सवार लुटेरों ने महिला का लूटा पर्स
- नातिन को स्कूल भेजने के लिए घर के बाहर वाहन का कर रही थीं इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। बिधूना-किशनी मार्ग स्थित एक बाइक शोरूम के सामने नातिन की स्कूल गाड़ी का इंतजार कर रही महिला का रुपये व जेवर से भरा पर्स बाइक सवार झपट्टा मारकर लूट ले गए। पुलिस सीसीटीवी की मदद से बाइक सवार लुटेरों की तलाश कर रही है।
बिधूना नगर के किशनी रोड आदर्श नगर निवासी ओमवीर सिंह की पत्नी शशिप्रभा ने बताया कि वह मंगलवार सुबह घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी होकर नातिन की स्कूल गाड़ी का इंतजार कर रही थी। तभी बाइक सवार दो युवक आए और डॉक्टर प्रमोद के घर का पता पूछा। इसी बीच नातिन ने चीज खरीदने के लिए पांच रुपये मांगे। इसी बीच बाइक सवार झपट्टा मारकर पर्स छीन ले गए। अचानक हुई घटना से वह चिल्ला भी न सकी।
बताया कि पर्स में 50 हजार रुपये, एक सोने की जंजीर, झुमकी व छह अंगूठियां थी। महिला ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। बताया कि वह एक कार्यक्रम में जाने के लिए निकल रही थी। महिला के पति मैनपुरी में उप निरीक्षक हैं। कोतवाली प्रभारी सुजीत वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जाएगी।