बिधूना/एरवाकटरा। एरवाकटरा थाना क्षेत्र के हरचंदापुर पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक में बैठी महिला सड़क पर जा गिरी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति बच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।
फफूंद थाना क्षेत्र के उजीतीपुर निवासी विश्राम सिंह शनिवार शाम पत्नी प्रेमवती (45) के साथ बाइक से एरवाकटरा थाना क्षेत्र के समायन नगरिया में बेटी के घर जा रहे थे।
रात पौने आठ बजे के करीब हरचंदापुर पुलिया जैसे ही वह पहुंचे, तो पीछे से अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पीछे बैठी प्रेमवती उछल कर सड़क पर जा गिरी।
जिससे सिर में व शरीर में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हेलमेट लगाए होने से विश्राम सिंह मामूली रूप से घायल हुए। एरवाकटरा थाना प्रभारी राम सहाय पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।