फोटो-12एयूआरपी-02- थाने के बाहर खड़ा टक्कर मारने वाला ट्रक। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अछल्दा। अटसू-अछल्दा मार्ग पर नगरिया रजबहे के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार महिला समेत नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल भेजा है।
इटावा के भरेह थाना क्षेत्र के पूर्वा गढ़ा कासदा निवासी प्रहलाद, रामनरेश, रामजीवन, मोहन सिंह, रामजी, कलावती, तेज सिंह व लल्लू सिंह को सांस (दमा) की बीमारी है। वह सभी शनिवार सुबह गांव के महेंद्र की टेंपो से कन्नौज के तिर्वा में दवा लेने जा रहे थे।
अटसू-अछल्दा मार्ग पर नगरिया बंबे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सभी घायल हो गए।
घटना देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर सूचना पुलिस को दी। इस दौरान चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी अछल्दा भेजा।
जहां से गंभीर हालत में टेंपो चालक महेंद्र सिंह, रामजीवन व रामनरेश को डॉ. सौरभ सचान ने सैफई रेफर कर दिया। अछल्दा थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। पीड़ित पक्ष से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
फोटो-12एयूआरपी-03- सीएचसी अछल्दा में घायल का इलाज करता स्वास्थ्य कर्मी। संवाद- फोटो : AURAIYA