दिबियापुर। रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रयागराज रविंद्र वर्मा ने बुधवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर बने आरपीएफ थाने का निरीक्षण किया।
उन्होंने यहां बन रही बैरक को समय से गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। पुलिस की निगरानी में लगे सीसीटीवी के फुटेज से पिछले दिनों दो चोरियों के खुलासे पर खुशी जाहिर की।
फफूंद रेलवे स्टेशन पहुंचे रविंद्र वर्मा ने सबसे पहले थाने का निरीक्षण किया। रेल यात्रियों एवं खासतौर पर महिला यात्रियों के साथ होने वाली वारदातों को रोकने के लिए आवश्यक निर्देश और हिदायतें दीं।
कहा कि ट्रेन में अकेले यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को सुरक्षा का अहसास कराएं। महिला सिपाहियों से सीसीटीवी से रेलवे स्टेशन की 24 घंटे होने वाली निगरानी के बारे में जानकारी ली।
निर्देश दिए कि सीसीटीवी से स्टेशन परिसर में प्रवेश करने वाले आपराधिक तत्वों पर निगरानी की जाए। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त को बताया कि पिछले दिनों यात्रियों के साथ हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा सीसीटीवी फुटेज देखकर किया जा चुका है। इस पर उन्होंने खुशी जाहिर की।
रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर बन रही आरपीएफ बैरक का भी उन्होंने निरीक्षण किया। निर्माणाधीन बैरक में दो बड़े हाल, एक किचिन, डायनिंग रूम, दो स्टोर, मनोरंजन कक्ष, शौचालय, वॉलीबाल कोर्ट, पार्क आदि बनाया जाना है।
इसका निर्माण अगले दो माह में पूरा होना है। उन्होंने बैरक का समय से गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा कराने के निर्देश दिए। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रयागराज मनोज कुमार सिंह समेत अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे।