औरैया। हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 70 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनकी सूची सचिव की ओर से जारी कर दी गई है। किसी को इन परीक्षा केंद्रों पर अगर कोई आपत्ति है तो वह 13 जनवरी तक अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि बोर्ड से जारी सूची में तीन राजकीय विद्यालय शामिल हैं। जबकि पिछले वर्ष दो राजकीय विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था। इसके अलावा, अशासकीय विद्यालयों की संख्या 46 है। जो पिछले साल की तुलना में तीन अधिक हैं। इस साल परीक्षा केंद्र के लिए वित्तविहीन विद्यालयों की संख्या कम की गई है। इस बार इनकी संख्या 21 है।
जबकि पिछले साल यह 32 थे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा में 40 हजार 743 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूूल के 21 हजार 802 व इंटर के 18 हजार 941 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। बीते वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या भी कम हुई है।