औरैया। विधानसभा चुनाव की मतगणना में सबसे पहले सदर विधानसभा सीट का परिणाम आएगा। इसके बाद दिबियापुर और सबसे आखिर में बिधूना सीट का परिणाम 34 राउंड के बाद आएगा।
मतगणना में बिधूना, दिबियापुर व औरैया विधानसभा क्षेत्रों के कुल 1281 बूथों पर पड़े मतों की गिनती होगी। बिधूना विधानसभा में सबसे अधिक 470 बूथ है। यहां 34 चक्र में मतगणना पूरी होगी।
सदर विधानसभा औरैया में सबसे कम 393 बूथ हैं। यहां सिर्फ 29 चक्र में वोटों की गिनती होगी और सबसे पहले चुनाव परिणाम भी यहीं का सामने आएगा। दिबियापुर विधानसभा में 417 बूथ है। यहां पर 30 चक्र में मतगणना पूरी होगी।
मतगणना स्थल पर 42 मतगणना टेबिल लगेगी। जिसमें औरैया, दिबियापुर व बिधूना विधानसभा की 14-14 टेबिल लगाई गई है। एक-एक टेबिल आरओ की लगेगी। मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि विधानसभा वार हुए मतदान व बूथों के हिसाब से मतगणना चक्र भी तय कर लिए हैं।
सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। 10 बजे तक चुनाव का पहला रुझान सामने आने की उम्मीद है। दोपहर बाद तीनों सीटों पर जीत-हार की तस्वीर साफ हो जाएगी। ईवीएम खुलने से पहले डाक व सर्विस मतपत्रों की गिनती होगी। पोस्टल बैलेट की गणना के लिए पोस्टल बैलेट के लिए कुल 12 टीमें लगेगी। विधान सभावार चार-चार टेबिल लगेंगी। सभी विधानसभा में एक-एक प्रेक्षक मौजूद रहेंगे।
इन नियमों का कराया जाएगा पालन
- सांसद, एमएलसी व अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा आपराधिक छवि वाले लोग मतगणना एजेंट नहीं बन सकेंगे।
- बिना अनुमति पास के मतगणना स्थल पर जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
- मतगणना हाल में सभी प्रकार के इलेक्ट्रानिक डिवाइस, कैलकुलेटर, मोबाइल, कैमरा, स्याही वाला पैन, शस्त्र, बीडी, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, पानी की बोतल आदि प्रतिबंधित रहेंगे।
- अभिकर्ता को फोटोयुक्त पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा।
- एक राउंड पूरा होने पर ही दूसरे राउंड की मतगणना होगी। आरओ चक्रवार परिणाम ब्लैक बोर्ड पर प्रदर्शित कराएंगे।
- मतगणना कक्ष को बैरिकेडिंग एवं स्टील सीट से कवर किया गया है। एक एजेंट किसी दूसरे विधानसभा कक्ष में नहीं जा सकेगा। मतगणना के बाद प्रत्याशियों के विजयी जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा।
मतगणना में खास
- मतगणना पर चुनाव आयोग से भेजे गए तीन प्रेक्षक रखेंगे निगाह।
- 264 मतगणना कार्मिकों की गई है तैनाती।
- तीनों विधानसभा के लिए तीन-तीन टीमें रखी गई रिजर्व।
- तीन आरओ, छह एआरओ, 18 सहायक एआरओ तैनात।
- सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से होगी मतगणना स्थल की निगरानी।
- तीन विधानसभा में 33 प्रत्याशी हैं। प्रत्येक प्रत्याशी के 16-16 अभिकर्ता मौजूद रहेंगे।
विधानसभा पोस्टल बैलेट ईटीपीबीएस वोट
औरैया 1443 1035
बिधूना 942 1105
दिबियापुर 1370 1370
विधानसभावार मतदान प्रतिशत
विधानसभा प्रतिशत
बिधूना 62.51
दिबियापुर 61.78
औरैया 60.98