ऐरवाकटरा। थानाक्षेत्र के तकिया गांव में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन मकान में काम करते वक्त वृद्ध पास से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही करंट से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तकिया निवासी मेवाराम यादव (60) के प्लाट पर निर्माण कार्य चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे मिस्त्री व मजदूरों के आने से पहले वह दीवार में लगीं लकड़ियां निकाल रहे थे, तभी उनका हाथ ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट की चपेट में आने से वह नीचे गिरे और मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
कहा कि बस्ती के बीच से निकली हाईटेंशन लाइन के नीचे कोई भी सेफ्टी वायर नहीं लगाया गया है। तार ढीले होने से नीचे झूल रहे थे, इससे हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष रामसहाय पटेल ने बताया कि तकिया गांव में करंट लगने से वृद्ध की मौत हुई है। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।