औरैया। प्रदेश सरकार के मंत्री मंडल में इस बार औरैया जिले को स्थान नहीं मिल सका है। जिले के लोगों में इसे लेकर मायूसी है। इससे पहले जिले की दिबियापुर सीट से विधायक रहे लाखन सिंह को मंत्री मंडल में कृषि राज्यमंत्री का पद नवाजा गया था।
जिले की तीन विधानसभा सीटों पर कड़े मुकाबले में भाजपा की सदर सीट से प्रत्याशी रहीं गुड़िया कठेरिया ने जीत हासिल की थी। हालांकि जिले की दिबियापुर और बिधूना सीट पर सपा प्रत्याशी जीते। ऐसे में सदर विधायक चुनी गईं गुड़िया कठेरिया के मंत्रिमंडल में शामिल होने की लोग अटकलें लगा रहे थे। लेकिन शुक्रवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह में उनका नाम दूर-दूर तक नहीं सुनाई दिया। लोगों में मायूसी रही।
उम्मीद थी कि सदर सीट पर अच्छी खासी बढ़त के साथ जीत दर्ज करने वाली गुड़िया कठेरिया को योगी मंत्रिमंडल में जरूर स्थान मिलेगा, पर ऐसा नहीं हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा का कहना है कि हर कोई अपने क्षेत्र से मंत्रिमंडल में जगह पाने की उम्मीद रखता है।
लोगों ने भी उम्मीद की थी कि गुड़िया कठेरिया को योगी मंत्रिमंडल में स्थान मिलेगा लेकिन अभी भी उनकी उम्मीद कायम है। अभी छह-सात मंत्री पद खाली हैं, ऐसे में योगी सरकार में गुड़िया कठेरिया के मंत्री बनाए जाने की उम्मीद अभी बरकरार है।