कोतवाली के पास मंदिर में एक दूसरे को वाहर मन्दिर पर शादी रचाते प्रेमी
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल। कोतवाली परिसर में बने मंदिर में मंगलवार को प्रेमी युगल ने शादी कर ली। दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और जीवन भर साथ रहने की कसमें खाईं। दोनों की शादी हुई ही थी कि पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लिया और उसका शांतिभंग में चालान कर दिया। हालांकि एसडीएम कोर्ट से उसे जमानत मिल गई।
कानपुर देहात के कस्बा सट्टी निवासी सुमित कुमार का अजीतमल क्षेत्र के बिरुहिनी गांव में अपनी बुआ के घर आना जाना था। करीब छह माह पहले उसका पड़ोस में रहने वाली बबली (18) से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
दोनों शादी करने पर राजी थे। यह बात दो दिन पहले जब इनके घर वालों को पता चली तो बखेड़ा खड़ा हो गया। सोमवार को सुमित भी गांव आ गया। मामला बढ़ा तो लड़की के घर वालों ने पुलिस बुला ली। पुलिस प्रेमी को अपने साथ थाने ले गई। मंगलवार को दोनों पक्ष भी थाने पहुंचे और यहां पर शादी कराने पर समझौता हो गया।
इसी बीच पुलिस ने सुमित का शांतिभंग में चालन कर एसडीएम कोर्ट भेज दिया, लेकिन कोर्ट देर से पहुंचने पर पेशकार ने वापस कर दिया। वापस आते ही दोनों ने मंदिर में एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और शादी कर ली। शादी की भनक लगते ही पुलिस ने पत्नी का हाथ थामें मंदिर से आ रहे सुमित को हिरासत में ले लिया। उसे शांतिभंग में कोर्ट भेजा गया। एसडीएम कोर्ट ने उसे जमानत दे दी।
कोतवाली प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया की शांति भंग में चालान पहले ही किया जा चुका था। एसडीएम न्यायालय में सुमित को भेजा गया था। देर हो जाने की बात कहते हुए सोमवार को वापस कर दिया गया था। बीच में इनकी शादी कैसे हो गई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। सुमित को मंगलवार को फिर से एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय से जमानत मिल गई।