दिबियापुर। कस्बे के एक गेस्ट हाउस में बरात न पहुंचने पर दुल्हन सीधे थाने पहुंच गई। दुल्हन के परिजनों ने दहेज के लिए बरात न लाने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए और सभी रस्में हुईं।
शुक्रवार रात दिबियापुर के समीप के एक गांव निवासी वर पक्ष के लोग थाने पहुंचे। आरोप लगाया कि दिबियापुर के समीप के ही एक गांव निवासी परिवार की युवती से रिश्ता तय किया था। शुक्रवार को शादी से पहले तिलक आदि की रस्में होनी थीं। लेकिन वधू पक्ष से कोई संदेश नहीं आया और न ही वधू पक्ष का कोई व्यक्ति उनका फोन उठा रहा है। वधू पक्ष से कोई बात न हो पाने के कारण वह लोग बरात नहीं ले जा रहे हैं।
इस पर थाना पुलिस की ओर से वधू के परिजनों को फोन मिलाकर कारण पूछा गया। वर पक्ष के थाने में होने की बात सुनकर वधू पक्ष भड़क गया। सजीधजी दुल्हन भी परिजनों के साथ थाने जा पहुंची। वधू पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि वर पक्ष दहेज की मांग को लेकर बरात लेकर नहीं आ रहा। जबकि वर पक्ष अन्य रस्में पूरी न होने को बात पर नाराजगी जताते रहे।
पुलिस ने हस्तक्षेप करके मामला शांत कराया। देर रात लगभग 12 बजे शादी की सभी रस्में संपन्न हो सकीं। जिसकी शादी थी, वह युवक सेना में तैनात बताया जा रहा है। थाना प्रभारी विकास राय का का कहना है कि दोनों पक्षों के लोग आरोप-प्रत्यारोप कर रहे थे। दोनों पक्षों को समझाया गया। इसके बाद शादी को राजी हुए।