औरैया। प्राथमिक स्कूलों के बच्चों की पढ़ाई को और सुगम बनाने की तैयारी है। खासतौर से कक्षा एक और दो के बच्चों को अब यू-ट्यूब और दीक्षा एप की मदद से ऑडियो सुनाकर पढ़ाया जाएगा। हिंदी, अंग्रेजी की वर्णमाला के साथ शब्दों का ज्ञान भी कराया जाएगा।
शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग को स्पीकरों की खरीद के निर्देश दिए हैं। जिले के 1059 विद्यालयों में स्पीकरों की व्यवस्था करने के लिए 21 लाख 18 हजार रुपये की धनराशि आवंटित कर दी है। प्रत्येक स्कूल को दो हजार रुपये इसके लिए दिए जाएंगे।
विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बेहतर करने के लिए शासन की ओर से नई-नई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिले के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में दो ब्लू टूथ स्पीकर खरीद के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने दो हजार रुपये की धनराशि भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्पीकरों की खरीद मार्च से पहले विद्यालय प्रबंधक समिति के माध्यम से होगी। अप्रैल से शुरू होने वाले नये शैक्षिक सत्र से इन स्पीकरों पर ऑडियो सुनाकर बच्चों को पढ़ाया जाएगा। शिक्षकों से कहा गया है कि वह अपने मोबाइल अथवा लैपटॉप के जरिए दीक्षा एप या यू-ट्यूब से प्राप्त ऑडियो छात्र-छात्राओं को सुनाएंगे। अंग्रेजी समेत अन्य विषयों की वर्तनी का ज्ञान कराएंगे।