फोटो-09-एयूआरपी- 04 मृतक हेमरुद्ध प्रताप सिंह की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अयाना(औरैया)। अयाना थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में रविवार सुबह मानसिक रूप से बीमार युवक ने घर के सामने कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने युवक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों व आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मानपुर गांव निवासी केदार सिंह का बेटा हेमरुद्ध प्रताप सिंह (40) मानसिक बीमार था। परिवार में पत्नी सुलेखा व 11 साल की बेटी अनन्या है। पत्नी ने बताया कि हेमरुद्ध बीते कुछ साल से मानसिक रोगी हो गए थे। इनका इलाज आगरा से चल रहा था। बीमारी ठीक न होने की वजह से वह इन दिनों काफी परेशान रहने लगे थे। परिजनों से भी कम बातें करते थे।
रविवार सुबह वह सोकर उठे और घर के सामने कुएं के पास पहुंचे। जहां कुएं के पास थोड़ी देर रुकने के बाद उन्होंने उसमें छलांग लगा दी। कुएं में कूदता देख ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। गांव के सुनील व रामू रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और हेमरुद्ध को किसी तरह कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। यह देख पत्नी व परिजन बेसुध होकर रोने-बिलखने लगे। सूचना पर पहुंचे एसआई महेश चंद्र ने परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी श्रीकेश भारती ने बताया कि कुएं में युवक के कूदने से मौत होने की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।