फोटो19एयूआरपी13- रोते-बिखलते परिजन । संवाद
फोटो19एयूआरपी14- मोनिका की फाइल फोटो । संवाद
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, ससुरालीजन फरार
- मृतका के पिता ने जहर खिलाकर हत्या किए जाने का लगाया आरोप
- सीएचसी में शव रखकर भागे ससुरालीजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहार (औरैया)। बेला थाना के गांव कुंवरपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की शनिवार की रात अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी सहार ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की मौत के बाद ससुरालीजन शव अस्पताल में छोड़कर भाग गए। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर पुत्री को जहर खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया है।
गांव कुंवरपुर निवासी मोनिका (22) पत्नी विजय सिंह दोहरे की शनिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक हालत बिगड़ गई। महिला की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने उसे आनन-फानन में सीएचसी सहार में भर्ती कराया। जहां अस्पताल में मौजूद डॉक्टर शशांक सचान ने देखते ही मोनिका को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होते ही ससुरालीजन अस्पताल में ही विवाहिता का शव छोड़कर भाग निकले। सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुुंच गए। मृतका के पिता श्याम सिंह ने ससुरालीजनों पर उनकी पुत्री को जहर खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। जानकारी होने पर बिधूना सीओ महेंद्र प्रताप सिंह व बेला थानाध्यक्ष जीवाराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता श्याम सिंह ने बताया कि पुत्री की शादी विजय सिंह दोहरे निवासी कुंवरपुर के साथ 23 मई 2021 को हुई थी। उन्होंने बताया कि दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन उसकी पुत्री को आए दिन प्रताड़ित करते थे। कई बार वह ससुरालीजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा चुके थे। पीड़ित ने बताया कि दीपावली के समय उसके दामाद ने उसकी पुत्री के साथ मारपीट की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में विजय का चालान भी किया था।
थानाध्यक्ष जीवाराम ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।