दिबियापुर (औरैया)। मंगलपुर रजबहा किनारे अजमतपुर पुलिया के समीप एक युवक संदिग्धावस्था में बेहोश मिला। एंबुलेंस की मदद से उसे दिबियापुर सीएचसी लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान सेवानिवृत्त फौजी के रूप में हुई है। मृतक स्टेट बैंक बिधूना में गार्ड की नौकरी करता था।
सोमवार की सुबह अजमतपुर की पुलिया के पास एक युवक को लोगों ने सड़क किनारे पड़ा देखा। पास में ही उसकी बाइक पड़ी थी। आस पास के लोगों ने एंबुलेंस को सूचना देकर उसे दिबियापुर सीएचसी भेजा। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हरिगेंद्र सिंह (50) पुत्र बलवंत सिंह निवासी पथवरिया देवी मंदिर ककराही दिबियापुर के रूप में हुई।
सूचना पर पहुंची महिला उपनिरीक्षक नीरज शर्मा को परिजनों ने बताया कि सोमवार की सुबह हरिगेंद्र अपने पैतृक गांव बिनपुरापुर के लिए बाइक से निकले थे। नीरज शर्मा के अनुसार जिस स्थान पर मृतक मिला है, उसके आसपास लोगों ने बताया कि मृतक बाइक से था। अचानक बेचैनी होने के कारण वह सड़क किनारे बैठ गए। इसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। माना जा रहा है कि सेवानिवृत्त फौजी की मृत्यु हृदयाघात से हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।