कंचौसी (औरैया)। कस्बा स्थित पूर्वी क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस की चपेट में गोवंश आ गया। जिसके चलते 10 मिनट तक ट्रेन को रोका गया। गोवंश के टुकडे़ हटाने के बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। ट्रेन के रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
रविवार की शाम पांच बजकर 10 मिनट पर कस्बे के पूर्वी क्रॉसिंग के पास दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस तेज रफ्तार से पहुंची ही थी कि तभी एक गोवंश ट्रेन से टकरा गया। गोवंश के टकराते ही चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। तेज झटका लगने और अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब दस मिनट बाद इंजन की जांच के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। अचानक ट्रेन को रुका देख रेलवे तकनीक टीम तत्काल मौके पर पहुंची गई। इंजन की जांच के साथ गोवंश के अवशेष हटाए गए।
इंजन में कोई कमी नहीं होने की पुष्टि के बाद पांच बजकर 22 मिनट पर ट्रेन रवाना कर दी गई। स्टेशन अधीक्षक विशंभर दयाल पांडेय ने बताया कि अचानक ट्रैक पर गोवंश के आने से हादसा हुआ था। इससे लगभग 10 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। ट्रैक की सफाई कराने के बाद गाड़ी को रवाना कर दिया गया।