फोटो-12एयूआरपी-7- स्वास्थ्य केंद्र के बाहर टीका लगवाने के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं। संवाद
- फोटो : AURAIYA
सहायल(औरैया)। जिले में वैक्सीन की किल्लत दिन पर दिन गहराती जा रही है। केंद्रों पर टीका लगवाने पहुंच रहे लोग अपनी बारी के इंतजार में धक्का मुक्की करते देखे जा रहे हैं। वहीं, लेट लतीफी और वैक्सीन खत्म होने पर लोग हंगामा भी कर रहे हैं। सहायल स्वास्थ्य केंद्र पर टीका न लगने पर लोगों ने हंगामा किया। जिस पर डॉक्टरों ने उन्हें समझा कर अगले दिन बुलाया है।
गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य में सुबह 10 बजे से टीकाकरण किया जाना था। यहां पहुंचने वाले लाभार्थियों की भीड़ बढ़ती देख स्वास्थ्य कर्मियों ने महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें लगवा दी। करीब आधे घंटे इंतजार करने के बाद भी टीकाकरण शुरू नहीं किया जा सका। जिस पर कतार में खड़े लोगों की स्वास्थ्य कर्मियों के बीच तू-तू मै-मै शुरू हो गई। डॉक्टरों और स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद स्थिति सामान्य हुई। टीकाकरण की शुरुआत हुई तो आधे से ज्यादा लोग लाइन में खड़ी रह गए। वैक्सीन खत्म हो जाने के कारण सैकड़ों लाभार्थियों को केंद्र से वापस लौटना पड़ा।
डॉ. प्रवेश त्रिवेदी ने बताया कि गुरुवार को केंद्र पर 150 डोज वैक्सीन थी। इसी से टीकाकरण की शुरूआत की गई थी। दोपहर ढाई बजे सभी को बारी-बारी वैक्सीन लगाई गई। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश सचान ने बताया कि भीड़ अधिक हो जाने के कारण वैक्सीन कम पड़ गई। जिन्हें शुक्रवार को बुलाया गया है। जिले से वैक्सीन की मांग की गई है।
स्लॉट बुक कराने के बाद भी नहीं लग रही वैक्सीन
टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन किल्लत से लाभार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। केंद्र पर टीका लगवाने पहुंचे सुनीता देवी, मंजू देवी, अखिलेश कुमारी, सोनी, राधा देवी, रमाकांती, ब्रजभान, रोहित कुमार, उमेश, सलीम ने बताया कि वह सभी नौ बजे ही केंद्र पर आ गए। लेकिन साढ़े 10 बजे तक टीका लगना शुरू नहीं हुआ। जब उनका नंबर आया तो वैक्सीन खत्म होने की बात कह वापस कर दिया गया। जबकि सभी स्लॉट बुक करा कर केंद्र पर पहुंचे थे।