फोटो-12एयूआरपी-1- शिकायती पत्र के साथ जानकारी देती समूह अध्यक्ष चुन्नी बेगम। संवाद
- फोटो : AURAIYA
सहायल(औरैया)। विकास खंड सहार की ग्राम पंचायत बरियारेमऊ में स्वयं सहायता समूह की फर्जी बैठक और हस्ताक्षर कर सफाई कर्मी की नियुक्ति की गई। मामले की जानकारी होने पर समूह की अध्यक्ष ने डीएम से शिकायत दर्ज कराई है। जिस पर पूरे प्रकरण की जांच खंड विकास अधिकारी को दी गई है।
सामुदायिक शौचालयों में साफ-सफाई की देखरेख के लिए स्वयं सहायता समूह के माध्यम से सफाई कर्मियों की नियुक्ति की जा रही है। इन सफाई कर्मियों को ग्राम पंचायत प्रति माह छह हजार रुपये मानदेय देगी। इसको लेकर फर्जीवाड़ा शुरू हो गया है। सहार विकास खंड के बरियारेमऊ में फर्जी नियुक्ति का मामला सामने आया है। स्वयं सहायता समूह चला रही चुन्नी बेगम ने जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए बताया कि वह समूह की अध्यक्ष हैं। उनकी अनुपस्थिति में पिछले माह एक बैठक समूह सखी कनीज फातिमा ने फर्जी तरीके से आयोजित कर ली। आरोप है कि बैठक में बिना सहमति और हस्ताक्षर कराए बगैर ही ग्राम पंचायत के शौचालय में रूपवती पत्नी रामदास की नियुक्ति की गई है।
आरोप लगाया है कि प्रस्ताव में ग्राम समाज के किसी अन्य व्यक्ति का नाम नहीं दर्शाया गया है। नियुक्ति और बैठक की जानकारी भी नहीं दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम सुनील कुमार वर्मा ने बीडीओ सहार को जांच के आदेश दिए हैं। बीडीओ मुनीश कुमार ने बताया कि नियुक्ति का मामला उनके संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई होगी।