औरैया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के उपरांत ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण 25 व 26 मई को कराया जाएगा। मगर जिले की 477 ग्राम पंचायतों में 235 ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सकेंगे। इन ग्राम पंचायतों में ग्राम सदस्यों का दो तिहाई बहुमत नहीं मिल सका है। जब तक ग्राम सदस्यों का चुनाव नहीं हो जाता यह वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों से वंचित रहेंगे। शासन से ऑनलाइन शपथ दिलाने का निर्देश दिया है। प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों को जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारी शपथ दिलाएंगे।
जिले की 477 ग्राम पंचायतों में उन्हीं का शपथ ग्रहण होगा जहां पर ग्राम पंचायत संगठित (सदस्यों का कोरम पूरा) हो चुका है। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि ग्राम पंचायतों के संगठन और नए पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण से संबंधित सूचना 24 मई तक सार्वजनिक करने के साथ पंचायतों के सामुदायिक भवनों पर ही चस्पा कर दी जाए। फिलहाल जिले में 242 प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी।
सामुदायिक भवन में होगा आयोजन
औरैया। ग्राम पंचायत के संगठन के पश्चात प्रधानों और पंचायत के सदस्यों द्वारा पद की शपथ वीडीओ, सहायक विकास अधिकारी, तहसीलदार, नायाब तहसीलदार या जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नियुक्त किसी अन्य अधिकारी के समक्ष उनके द्वारा पंचायत घर, सामुदायिक भवन अथवा ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित कॉमन सर्विस सेंटर में कोविड-19 के प्रोटोकॉल के साथ आयोजित किया जाएगा।
वीडीओ उपलब्ध कराएंगे लैपटॉप
औरैया। ग्राम प्रधानों की शपथ ग्रहण के लिए ग्राम पंचायत सचिव द्वारा लैपटॉप आदि (इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ व्यवस्था की जाएगी ताकि प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य डीएम द्वारा नामित अधिकारियों के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ऑनलाइन शपथ ले सकें। इसके बाद हस्ताक्षर युक्त शपथ पत्रों की जांच करके जिला पंचायत राज अधिकारी के पास तथा ग्राम पंचायतों के सदस्यों के शपथ पत्र खंड विकास अधिकारी को सुरक्षित रखने के लिए सौंप दिया जाएगा।
बोले अधिकारी
जिले की 477 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई है, लेकिन 235 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों के कुछ पद रिक्त हैं, इसके कारण वहां पंचायत के संगठन की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी।
-संदीप वर्मा, प्रभारी डीपीआरओ
--------------------
ब्लॉकवार असंगठित व संगठित ग्राम पंचायत एक नजर में
ब्लॉक ग्राम पंचायत अंसगठित ग्राम पंचायत संगठित ग्राम पंचायत
औरैया 95 62 33
अजीतमल 68 20 48
भाग्यनगर 73 42 31
सहार 65 32 33
बिधूना 69 39 30
एरवाकटरा 46 10 36
अछल्दा 61 30 31
---------------------------------------------------
योग 477 235 242