औरैया। जिले भर में होली व शब-ए-बरात पर बिना छुट्टी लिए 42 पुलिस कर्मी अनुपस्थित रहे। मामले की जानकारी पर एसपी ने नाराजगी जताई है। इसके साथ ही बिना अवकाश लिए गायब रहने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की बात कही है।
होली व शब-ए-बरात पर बिना छुट्टी लिए पुलिस कर्मचारियों के गैर हाजिर होने की जानकारी मिलने पर एसपी अभिषेक वर्मा ने सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार, सीओ सदर सुरेंद्र नाथ यादव व सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह को अपने क्षेत्र के थाना-कोतवाली का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
जिसमें पूरे जिले की थाना-कोतवाली में 42 पुलिस कर्मचारी गैर हाजिर मिले। सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार ने बताया कि शनिवार की रात अयाना थाना का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों की हाजिरी ली।
जिसमें अयाना थाना में चार सिपाही, अजीतमल कोतवाली में 15 पुलिस कर्मी व फफूंद में भी चार पुलिस कर्मी अनुपस्थित मिले। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को भेजी गई है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि बिना अनुमति गैर हाजिर होने वाले सभी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।