कंचौसी (औरैया)। साधन सहकारी समिति कंचौसी गांव में डीएपी न होने से किसानों को इधर-उधर भटक कर परेशान होना पड़ रहा है। इस समय किसानों को डीएपी की सख्त जरूरत है।
परेशान किसानों का कहना है कि समिति पर खाद न होने से ताला लटका है। इसका फायदा निजी दुकानदार उठा रहे हैं। वह निर्धारित दर से अधिक दाम पर बिक्री करने के साथ ही अतिरिक्त खाद लेने के लिए भी मजबूर कर रहे हैं। इन दिनों सरसों, मटर, आलू व गेंहू की फसल में बुवाई के लिए डीएपी की जरूरत है।
किसान लल्ला तिवारी, रवि तिवारी, अशोक, आशीष, शिवप्रसाद यादव, रामसिंह, सुघर सिंह आदि का कहना है कि डीएपी समिति पर 1250 में मिलती है, पर वहां न होने से मजबूरन 1500 से 1600 रुपये में खरीदनी पड़ रही है। समिति के सचिव अनोज कुमार का कहना है कि अधिकारियों से डीएपी भेजने के लिए कहा है। जल्द ही उपलब्ध करा दी जाएगी।