औरैया के बेला थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर में शुक्रवार को बरात से पहले दूल्हे के पिता ने 50 हजार रुपये की मांग कर दी। मामला थाने तक जा पहुंचा। शनिवार दोपहर तक पुलिस दोनों पक्षों को समझाती रही। सहमति न बनने पर लड़की पक्ष ने कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
हिम्मतपुर निवासी रामपाल ने बताया कि उसने पुत्री की शादी कन्नौज जनपद के मदारीनगरा निवासी दिलीप पुत्र कमलेश से तय की थी। 28 अप्रैल को तिलक हुआ। जिसमें उसने एक बाइक दी थी। 30 अप्रैल को बरात का समय आया तो दूल्हे के पिता ने दहेज में 50 हजार रुपये की मांग कर दी। लड़की के पिता ने असमर्थता जाहिर की तो सामान फेंक दिया और शादी करने से मना कर दिया।
मामला बढ़ता देख यूपी 112 से पुलिस बुला ली गई। लड़की के पिता रामपाल ने दरवाजे पर बदसलूकी किए जाने की बात कही। इस पर पुलिस दोनों पक्षों में समझौते के लिए थाने ले गई। शनिवार दोपहर तक बात नहीं बनी। थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह ने बताया कि लड़की पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।