औरैया। निजी स्कूलों में एक जून से शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत चौथे व अंतिम चरण में कमजोर आय वर्ग के बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई है। सूचीबद्ध कॉन्वेंट स्कूलों में तीन चरणों में अब तक बच्चों को प्रवेश दिलाया जा चुका है।
आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में 25 फीसदी सीट कमजोर आय वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित रहती है। इनके पठन-पाठन का पूरा खर्च खर्च शासन स्तर से वहन किया जाता है। शिक्षा सत्र 2024–25 के लिए 20 जनवरी से आवेदन शुरू हुआ था। सैकड़ों की संख्या में बच्चों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। सत्यापन होने के बाद फरवरी के अंतिम सप्ताह में लॉटरी निकाली गई।
आरटीई के तहत निजी स्कूलों में दाखिले के लिए चौथे चरण में अभिभावक एक जून से 20 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 27 जून तक आवेदनों का जिला स्तर पर सत्यापन कराया जाएगा। 28 जून को लॉटरी निकाली जाएगी। सात जुलाई तक चयनित बच्चों का सूचीबद्ध विद्यालयों में प्रवेश कराया जाएगा। जरूरतमंद बच्चों को मनमाफिक स्कूल में दाखिले की इच्छा पूरी हो इसे लेकर अभिभावकों को आवेदन करने से पहले सभी तरह की जानकारी कर लेने के लिए भी कहा गया है।
औरैया शहर क्षेत्र के कुछ स्कूलों में आरक्षित कोटे के तहत सीटें भर गई हैं। इसे लेकर संबंधित स्कूल में पता कर लेने के लिए कहा गया है। बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि अभिभावक समय से अपना आवेदन कर दें। आवेदन में किसी तरह की गलती न हो इसे लेकर पुख्ता जानकारी जुटा लें। यह अंतिम मौका है।