कंचौसी। भीषण गर्मी में बिजली न आने से परेशान लोगों ने बिहारीपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। उपकेंद्र पर कोई अधिकारी नहीं मिला तो गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा कर नारेबाजी की।
बिहारीपुर उपकेंद्र से जुड़े कंचौसी और आसपास गांव के उपभोक्ता बीते 15 दिनों से बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। नाराज ग्रामीणों के धैर्य का बांध शुक्रवार रात टूट गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र व उपखंड कार्यालय का घेराव किया।
उपखंड कार्यालय पर कोई अधिकारी नहीं मिला। ऐसे में डेढ़ घंटे तक प्रतीक्षा करने के बाद नाराज ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया। इसके बाद हंगामा कर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी में बीते 15 दिनों से फॉल्ट होने के नाम पर कटौती की जाती है। आपूर्ति बहाल होती है तो बिजली कर्मी अक्सर बिजली काट देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि फोन करने पर जेई फोन नहीं उठाते हैं या फिर स्विच ऑफ कर लेते हैं।
प्रदर्शन करने वालों में नंदू शर्मा, लारा गुप्ता, धीरू तिवारी, भूरे यादव, मोनू सिद्दकी, दीपक राठौर, बिल्ला कुशवाहा, निखिल चतुर्वेदी , मनीष बाथम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
उधर, एसडीओ ककोर राघवेंद्र कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग और फॉल्ट के चलते समस्या हो रही है। शनिवार को असेनी पावर हाउस से आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को बिजली नहीं मिल सकी थी। रात में आपूर्ति बहाल कर दी गई।