औरैया। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडियट परीक्षा 2022 के प्रवेश पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को प्राप्त हो गए हैं। अवकाश का दिन होने के बाद भी कार्यालय पर विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रवेश पत्र का वितरण किया गया।
दूसरी तरफ कलक्ट्रेट के ई-ड्रिस्ट्रिक कार्यालय में कंट्रोल रूम भी शुरू कर दिया गया है। जिससे जिले के सभी 70 केंद्रों पर परीक्षा के दौरान निगरानी रखी जाएगी।
हाईस्कूल व इंटरमीडियट की बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से शुरू होंगी। जिसको लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैयारियां जोरों पर हैं।
प्रवेश पत्र को लेकर परीक्षार्थी परेशान थे। गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रवेश पत्र पहुंच गए। अवकाश के दिन भी कार्यालय खुला और विद्यालय के प्रधानाचार्यों को प्रवेश पत्र का वितरण किया गया।
बोर्ड परीक्षा के लिए 70 केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल में 21802 व इंटरमीडिएट में 18941 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि प्रवेश पत्र मिल चुके हैं।
विद्यालयों को प्रवेश पत्र का वितरण शुरू करा दिया गया है। छात्रों को 23 मार्च तक विद्यालयों में प्रवेश पत्र का वितरण किया जाएगा।