दिबियापुर (औरैया)। यहां के बाशिंदों को जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जागने लगी है। नगरीय सीमा के आसपास के गांवों व खेतों में जलभराव की वजह बने नालों के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग ने नगर पंचायत दिबियापुर को अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया है। 25 नवंबर को अमर उजाला में खबर छपने के बाद सिंचाईं विभाग की ओर से यह पहल हुई है।
दिबियापुर नगर पंचायत क्षेत्र में फफूंद दिबियापुर मार्ग पर वैदिक इंटर कालेज के पास से होकर निकला सिंचाई विभाग का नाला औरैया दिबियापुर मार्ग पर ककराही पुलिया पर मिलता है। यह नाला कच्चा होने के साथ-साथ गंदगी से पटा होने के कारण आसपास के गांवों एवं दिबियापुर में जलभराव की समस्या का कारण बना है। कई बार पास के खेतों में भी पानी भर जाता है। लंबे समय से इस नाले को दोबारा बनवाए जाने एवं सफाई कराने की मांग उठती रही है।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रवि शंकर मिश्रा ने नालों की सफाई के लिए अलग मद होने एवं नालों की सफाई का प्रस्ताव विभाग को भेजे जाने की बात कही थी। अब सिंचाईं विभाग ने सेहुद नाला के किलोमीटर संख्या 11.400 से लेकर वैदिक इंटर कालेज से किलोमीटर संख्या 6.850 ककराही पुलिया तक सफाई/ निर्माण कार्य के लिए अनुमति नगर पंचायत दिबियापुर को प्रदान कर दी है। अब जल्द ही नाले की सफाई न होने के कारण सिल्ट व गंदगी जमा होने से आसपास के गांवों एवं दिबियापुर नगर में होने वाले जलभराव से निजात मिलेगी। इस संबंध में सिंचाई विभाग के एक्सईएन सतीश कुमार का कहना है कि नगर पंचायत दिबियापुर को अनापत्ति प्रमाण पत्र भेज दिया गया है।
उधर, नगर पंचायत दिबियापुर की अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव का कहना है कि पंचायत क्षेत्र के सिंचाई विभाग के नालों में गंदगी से परेशानी होती थी। इस समस्या को हल करने के लिए विभाग को नाला साफ कराने या फिर नाले को बनवाने के लिए नगर पंचायत को अनापत्ति प्रमाण पत्र देने को लिखा गया था। अभी तक सिंचाईं विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होते ही नगर पंचायत बोर्ड में प्रस्ताव पास कराके नाला निर्माण के लिए जल निगम को सौंप दिया जाएगा। नाला निर्माण से कुछ हद तक जलभराव की समस्या का समाधान हो जाएगा।