औरैया। गल्ला मंडी में सोमवार को एक आढ़त पर समर्थन मूल्य से कम दाम में मक्का खरीदे जाने की शिकायत मिलने पर एडीएम रेखा एस चौहान ने सदर एसडीएम रमेशचंद्र यादव व डिप्टी एआरएमओ सुधांशु शेखर चौबे को मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मंडी में पहुंचकर व्यापारी को कड़ी फटकार लगाई।
सोमवार को कानपुर देहात के एक किसान ने एडीएम रेखा एस चौहान को फोन पर जानकारी दी कि मंडी का एक व्यापारी समर्थन मूल्य से कम दामों में मक्का खरीद रहा है।
एडीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम व डिप्टी एआरएमओ ने किसान से उसकी समस्या सुनी और संबंधित व्यापारी को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डिप्टी एआरएमओ सुधांशु शेखर चौबे ने बताया कि रिपोर्ट एडीएम को भेज दी गई है।