दिबियापुर (औरैया)। अगर सब कुछ ठीक रहा तो भूगर्भ जल संचयन के लिए अहनैया नदी के पानी को पक्की नाली के माध्यम से तालाब तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद तालाब के पानी से खेतों की प्यास बुझाई जाएगी। इसके साथ ही नदी के पानी को जैगवैल (अंडरग्राउंड पाइप) के माध्यम से सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इन प्रोजेक्टों पर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए डीएम अभिषेक सिंह ने बीडीओ अछल्दा को निर्देशित किया।
बुधवार शाम डीएम अभिषेक सिंह गांव हरचंदपुर में अहनैया नदी पर नवनिर्मित चेकडैम पुल का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पर उन्होंने चेकडैम पुल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। प्रधान पति एवं समाजसेवी राजू दुबे ने चेकडैम पुल को संजय नगर अड्डा एवं हरचंदपुर को इंटरलाकिंग से जोडने का प्रस्ताव रखा। साथ ही पास में पार्क निर्माण की भी मांग की। डीएम ने बीडीओ अछल्दा अश्वनी सोनकर को दोनों ही कार्यों के लिए आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
राजू दुबे ने बताया कि नदी के पानी को पक्की नाली के माध्यम से गांव के तालाब से जोडने एवं तालाब के पानी को खेतों तक पहुंचाने से भूगर्भ जल संचयन में एक अहम योगदान हो सकेगा। इससे गांव के खेतों की सिंचाईं के लिए भूगर्भ जल का प्रयोग कम से कम होगा। इसके साथ ही अहनैया नदी से जैगवैल (नदी से अंडरग्राउंड पाइप लाइन के माध्यम से) से सीधे खेतों तक पानी पहुंचाने का भी प्रोजेक्ट डीएम के समक्ष रखा गया। राजू दुबे के अनुसार डीएम ने दोनों प्रोजेक्टों के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक कार्यवाई करने के लिए कहा। अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई डीपी वर्मा, वीर सिंह राजपूत, सतीश दुबे, ह्रदेश सविता, भानु तिवारी, राजकुमार शर्मा, मुन्ना अवस्थी, जगदीश यादव, संजू दुबे, रणवीर सिंह यादव, मिक्की दुबे, अवनीश सक्सेना आदि मौजूद रहे।