अयाना। थाना के हसुलिया मंदिर के पास स्थित लकड़ी टाल संचालक के बेटे पर 10 जून को कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया था। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को बुधवार को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।
अयाना थाना के एसआई हरिकेश कुमार वैश्य ने बुधवार सुबह टीम के साथ मुरादगंज स्थित हाईवे ओवब्रिज के पास घेराबंदी कर मुरादगंज निवासी आदित्य पोरवाल उर्फ निक्की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमला करने में प्रयोग किया गया डंडा भी बरामद किया है।
10 जून की शाम 7:30 बजे मुरादगंज निवासी वारिश हसुलिया मंदिर के पास स्थित अपने लकड़ी टाल पर मौजूद था तभी वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर मरणासन्न कर दिया। मामले में 11 जून को वारिश के भाई गुलजार ने आदित्य पोरवाल व उसके छह अन्य साथियों पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि आरोपी आदित्य अपराधी किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ गैंग रेप व मारपीट सहित अन्य मामले दर्ज हैं। साथ ही उसके खिलाफ अजीतमल कोतवाली से गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की गई थी। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। आरोपी की पूछताछ में प्रकाश में आए उसके तीन साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार किया जाएगा।