अछल्दा (औरैया)। मोहल्ला पुराना अछल्दा में गुरुवार की रात कूलर में करंट उतरने से उसकी चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के इनकार कर दिया। इस पर पुलिस लौट गई।
मोहल्ला पुराना अछल्दा निवासी भूरे का बेटा गणेश (22) गुरुवार की रात घर में नीचे के कमरे में लेटा हुआ था। रात लगभग 10 बजे उसने कूलर चलाने के लिए स्विच ऑन किया, तभी करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। गणेश की छोटी बहन के सूचना देने पर परिजन कमरे में पहुंचे। इस बीच मोहल्ले के लोगों ने फोन करके बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद परिजनों ने गणेश को गंभीर हालत में सीएचसी अछल्दा में भर्ती कराया।
वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर, गणेश की मौत की सूचना मिलने पर अछल्दा थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची। वहां मौजूद परिजनों ने गणेश के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस लौट गई। बाद में परिजनों ने गणेश का अंतिम संस्कार कर दिया।