अटसू। बहन के घर से देर रात लौट कर अपने घर जा रहे युवक की बाइक अचानक से सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। सुबह ग्रामीणों ने खड्ड में बाइक व युवक को पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को खड्ड से निकालकर सीएचसी अजीतमल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
थाना अछल्दा क्षेत्र के तेहराजपुर निवासी प्रदीप कुमार (22) दोहरे मजदूरी करता था। उसकी छोटी बहन निशा की ससुराल अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव रतनपुर गढ़िया में है। बहन के घर का निर्माण चल रहा है। इसकी देखरेख प्रदीप कर रहा था। बुधवार को वह निर्माण देखने गया था। देर रात बाइक से घर लौट रहा था।
अटसू-अछल्दा मार्ग पर रुरुआ गांव के पास बाइक समेत अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरा। रात भर प्रदीप खड्ड में पड़ा रहा। सुबह लोगों की नजर पड़ी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रदीप की मौत की जानकारी मिलते ही उसकी पत्नी सुमन छह माह के बच्चे को गोद से लिपटाए बदहवास स्थित में रोती बिलखती सीएचसी पहुंची। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है।