दिबियापुर। सब्जी मंडी के लिए निकले लापता हुए सभासद को पुलिस ने तलाश लिया। वह कंचौसी रेलवे स्टेशन पर बैठे मिले। पुलिस उन्हें थाने ले गई। वहां पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें परिजन के सुपुर्द कर दिया।
कस्बा के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी सभासद राजेश कुमार बुधवार सुबह पांच बजे सब्जी खरीदने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक न लौटने और मोबाइल स्विच ऑफ होने पर परिजन ने तलाश शुरू की। मंडी समिति में पूछताछ पर पता चला कि वे वहां पहुंचे नहीं थे, जिसके बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि जांच में सभासद की लोकेशन कंचौसी रेलवे स्टेशन पर मिली। वहां जाने पर सभासद बैठे मिले। बाद में उन्हें थाने लाया गया। पूछताछ में सभासद राजेश कुमार ने बताया कि वे बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। इसी मानसिक स्थिति के कारण वे भटकते हुए स्टेशन तक पहुंच गए थे।(संवाद)