थाने में पुलिस कर्मियों के साथ आरोपी। स्रोत: पुलिस
दिबियापुर। एनटीपीसी संयंत्र के अंतर्गत काम कर रही सिंह इंटरप्राइजेज कंपनी के एक कर्मचारी को सामान चोरी कर ले जाते समय सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया था। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया।
सुरक्षाकर्मी वशिष्ठ कुमार बैहरा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि चार अगस्त को करीब 11:30 बजे बैरक गेट पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कंपनी में काम कर रहे कर्मचारी गांव गुलरिहा निवासी अर्पित द्विवेदी का बैग चेक किया गया। बैग के अंदर लगभग 10 किलो कॉपर का तार व 16 सोलर कनेक्टर भरे मिले।
पूछताछ पर उसने बताया कि उक्त तार स्टोर रूम से चोरी करके ले जा रहा था। सुरक्षाकर्मी ने तत्काल उसके बैग व गेट पास को अपने कब्जे में लेकर बरामद सामान सहित आरोपी को दिबियापुर थाने के सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।(संवाद)