औरैया। गोविंदा आला रे आला की तर्ज पर शहर में पहली बार आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में युवक और युवतियों की टीमों ने हिस्सा लेकर गोविंदा का रोल अदा किया। चार चरणों में होने वाले मटकी फोड़ आयोजन के विजेता टीम को आयोजक की ओर से 11 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। देर रात तक आयोजन जारी था।
एक इलेक्ट्रानिक्स प्रतिष्ठान के बैनर तले मटकी फोड़ कार्यक्रम शहर के तिलक महाविद्यालय स्टेडियम में शुरू हुआ। जिसमें तिलक इंटर कालेज, पोरवाल रेजीडेंसियल स्कूल व तिलक महाविद्यालय के स्काउट की रोवर्स एंड रेंजर्स की अलग-अलग टीमों ने हिस्सा लिया। प्रथम चरण के मटकी फोड़ आयोजन में मटकी को 12 फुट की ऊंचाई पर स्थापित किया गया है। द्वितीय चरण में प्रतिभागी टीम को 16 फुट, तृतीय चरण में 18 फुट व विजेता टीम को 24 फुट पर लटकाई गई दही से भरी मटकी को फोड़ने की चुनौती दी गई है। कार्यक्रम का आयोजन जारी है। प्रतिभागी टीम मटकी फोड़ने के भरकस प्रयास में जुटे हुए हैं। टीम के प्रतिभागी सदस्य और देखने वालों के मनोस्थिति में आला रे आला गोविंदा आला जैसी मानसिकता देखने को मिल रही है। मटकी फोड़ आयोजन के प्रायोजक राहुल द्विवेदी ने बताया कि विजेता टीम को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। विशाल मटकी फोड़ आयोजन कराने में गौरव बाजपेई, देवेंद्र गुप्ता, सिंटू चौबे, राघव शुक्ला, अंकुर गुप्ता, विशाल दुबे आदि का सहयोग है।