औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान में वैक्सीन का संकट बाधा बन गया है। इसके कारण जिले में 89 केंद्र बंद हो चुके हैं। 34 सेंटरों पर ही सोमवार को टीकाकरण अभियान चलाया जा सका।
इससे पहले जिले में कुल 123 सेंटरों पर टीकाकरण अभियान चल रहा था। वैक्सीन उपलब्ध न होने पर सोमवार को क्लस्टर अभियान पूरी तरह ठप रहा। सोमवार को सभी सीएचसी, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अरबन अस्पताल और जिला संयुक्त चिकित्सालय में टीकाकरण अभियान चला। स्लॉट बुक कराने वाले लाभार्थियों की भीड़ सुबह से संबंधित केंद्रों पर दिखी। स्लॉट बुक कराने वालों को पहले वैक्सीन लगाई गई। देरशाम तक 3560 लाभार्थियों ने टीका लगवाया।
जिले को 6500 वैक्सीन मिलने की उम्मीद है। यदि वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में मिलती है, तो क्लस्टर अभियान चलेगा और सेंटरों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। - डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी