दिबियापुर। साइबर ठगों ने एक ड्राइवर के बैंक खाते से फोन पे के जरिए ऑनलाइन 7.96 लाख रुपये निकाल लिए। ये रकम उसके तीन बैंक खातों से निकाली गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी। पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
फफूंद के मेवातिया मोहल्ला निवासी जुल्फकार ने बुधवार को पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि वह गाड़ी लेकर 13 जून को पश्चिम बंगाल गया था। वहां उसका मोबाइल गिर गया। उसने वहां के थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। घर वापस आने पर 20 जून को सिम बंद करवा दिया। बाद में उसने उसी नंबर की दूसरी सिम निकलवाई थी।
पीड़ित के अनुसार दूसरे फोन में सिम को डाला तब मैसेज मिला कि उसके पीएनबी के बैंक खाते से 5 लाख तीन हजार, आईसीआईसीआई से एक लाख 98 हजार 163 रुपये व एक्सिस बैंक खाते से 95 हजार रुपये फोन पे के माध्यम से निकाल लिए गए। साइबर क्राइम के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि तहरीर पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
फर्जी आईडी बना खाते से उड़ाए 14.20 लाख
दिबियापुर। फर्जी आईडी बनाकर बैंक खाते से 14.20 लाख रुपये निकाल लिए। ये रकम 14 फरवरी से 13 जुलाई तक यूपीआई के जरिए कई बार में निकाली गई। मोबाइल में मैसेज आया पीड़ित ने बुधवार को साइबर क्राइम थाना ककोर में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
शेरपुर सरैया थाना फफूंद निवासी छोटू ने पुलिस को तहरीर में बताया कि वह राजस्थान के सीकर में एक प्राइवेट हॉस्टल में खाना बनाने की नौकरी करता है। उसका मोबाइल नंबर उसके पीएनबी बैंक खाते से लिंक है। किसी व्यक्ति ने उसके सिम के माध्यम से फर्जी यूपीआईडी बना ली।
उससे 14 फरवरी से 13 जुलाई तक बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 14 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए। जब मोबाइल पर मैसेज आया, तब जानकारी हुई। साइबर क्राइम प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)