औरैया। सदर बिजली डिवीजन में बिजली बकायेदारों के खिलाफ हंटर चलाने की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। इसमें एक लाख से ऊपर के 271 बकायेदारों को जहां आरसी जारी की जाएगी वहीं अन्य बकायेदारों ने बकाया जमा न किया तो उनके कनेक्शन काटे जाएंगे।
बता दें कि सदर डिवीजन क्षेत्र के शहरी बकायेदारों में एक लाख रुपये से ऊपर के 227 बकायेदार हैं। जिसमें 10 लाख से ऊपर का एक बकायेदार भी शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक के 1375 बकायेदार, 50 हजार से एक लाख रुपये तक के 87 बकायेदार और एक लाख से ऊपर के 44 बकायेदार हैं।
जिसमें बिजली विभाग की सूची में 44 ऐसे बकायेदार हैं, जिन्होंने आज तक एक पैसा भी बकाया का जमा नहीं किया है। एसडीओ महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सदर डिवीजन में काफी संख्या बकायेदारों की है। जिसमें एक लाख रुपये से ऊपर के बकायेदारों को आरसी जारी की जाएगी। उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद ऐसे बकायेदारों की सूची तैयार करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया जा चुका है। एक-दो दिन में सूची तैयार होने की संभावना है। उसके बाद ही आरसी जारी की जाएंगी।