डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना के तहत वित्तीय साल 2016-17 के लिए गांवों का चयन कर लिया गया है। इस सत्र में 19 गांवों का चयन कर विकास कराना तय किया गया है।
मौजूदा सत्र के लिए चयनित लोहिया ग्रामों में अजीतमल के छह, औरैया के दो, अछल्दा व सहार का एक-एक, भाग्यनलगर के दो तथा बिधूना ब्लाक के सात गांवों का चयन किया गया है। वित्तीय साल के लिए चयनित लोहिया ग्रामों के बारे में सीडीओ सत्येंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि सहार ब्लाक के मन्योड़ा तथा अछल्दा ब्लाक के हरचंदपुर को लोहिया ग्रामों की सूची में शामिल किया गया है।
औरैया ब्लाक क्षेत्र के मढ़ापुर व कस्बा जाना गांवों को लोहिया ग्राम का दर्जा प्रदान किया गया। इसी तरह भाग्यनगर ब्लाक क्षेत्र के फतेहपुर लखमी व ऊमरसाना गांव भी लोहिया ग्राम में चयनित किए गए हैं। अजीतमल विकास खंड क्षेत्र के कस्बा बाबरपुर, पूठा, जगन्नाथपुर, सांफर, बरुआई व दरवटपुर को साल 2016-17 की लोहिया ग्रामों की सूची में शामिल किया गया है। सीडीओ ने बताया लोहिया ग्रामों में बिधूना ब्लाक के महू, मऊ, भिखरा, सांवलिया, धरमंगदपुर, शहबद जगतपुर व पसुआ गांवों का चयन किया गया है। सत्र के लोहिया ग्राम चयनित होने के बाद गांवों का सत्यापन करा काम शुरू करा दिया गया है।
खाली रह गई एरवाकटरा की झोली
औरैया। शासन की ओर से जारी लोहिया गांवों की सूची में एरवाकटरा ब्लाक को जगह नहीं दी गई है। जिले में सबसे पिछड़े ब्लाक के रूप में पहचान रखने वाले एरवाकटरा ब्लाक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी सांसद डिंपल यादव का संसदीय क्षेत्र भी है। इसके बावजूद सत्र के लोहिया ग्रामों की सूची में एरवाकटरा ब्लाक को स्थान न दिए जाने से लोग मायूस हैं।
अब तक 100 लोहिया गांव
औरैया। सपा सरकार की राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना अब तक चिंहित गांवों की संख्या ने एक सौ का आंकड़ा छू लिया है। अप्रैल 2012 में आई प्रदेश की सपा सरकार ने जिले में डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकस योजना के तहत साल 2012-13 के लिए 15, साल 2013-14 में 22, साल 2014-15 में 22, साल 2015-16 में 22 तथा साल 2016-17 में 19 गांव लोहिया ग्रामों में चयनित हुए हैं।
शासन की महत्वपूर्ण डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना के तहत जिन गांवों का चयन किया गया है। उनमें विकास कराने के लिए सत्यापन रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्ययोजना बनाकर चयनित गांवों का विकास कराया जाएगा।
सत्येंद्र नाथ चौधरी, सीडीओ