औरैया। शहर के मोहल्ला नारायनपुर स्थित डाकघर में रुपये जमा करने गई महिला एजेंट के बैग को किसी ने काट दिया और डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए। घटना डाकघर के अंदर की बताई गई।
सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। मोहल्ला ओमनगर निवासी शशिप्रभा डाकघर में एजेंट हैं। बुधवार दोपहर दो बजे वह डाकघर में रुपये जमा करने गई थीं। फार्म भरने के बाद रुपये जमा करने काउंटर पर पहुंचीं। बैग खोला तो रुपये गायब मिले। बैग भी साइड से कटा मिला। शोर मचाने पर कर्मचारी आ गए।
उनकी सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एजेंट से पूछताछ की। एजेंट ने बताया कि उनके पास बैग में 500-500 रुपये की चार गड़्डी थीं, जिसमें तीन गड्डी किसी ने पार कर दीं। एक गड्डी बैग में मिली। डेढ़ लाख रुपये किसी ने निकाल लिए। डाकघर में एक महिला भी बगल में बैठी थी। घटना के बाद वह दिखाई नहीं दी।
पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में जांच की। डीवीआर अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि फुटेज में एक संदिग्ध दिखाई दे रहा है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।