उरई। महिला अस्पताल में हुए हंगामे के दूसरे दिन भी अस्पताल में दलाल देखकर आशा कार्यकर्ताओं की उनसे झड़प हुई। आरोप है कि दलालों की ओर से उन्हें धमकाया जा रहा है। जिसका उन्होंने वीडियो भी बना लिया है। अब सोमवार को इसे डीएम व एसपी को सौंपेगी। कहा कि अगर अस्पताल में दलालों का प्रवेश नहीं थमा तो प्रदर्शन किया जाएगा।
आशा कर्मचारी संघ की अध्यक्ष प्रवीणा, सुनीता, रजनी, सविता, उमा, प्रियंका, गुड्डी, सायरा, गीता, नाजमा, सुमन, बबली, ममता, रीना आदि ने आरोप लगाया कि गुरुवार को हुए विवाद के बाद शुक्रवार सुबह जब वह महिला अस्पताल पहुंचीं तो दलालों का गुट पहले से अस्पताल में मौजूद था।
यही नहीं उन दलाल महिलाओं के साथ कुछ पुरुष भी थे। जो उन्हें उनके काम में दखल देने पर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। यही नहीं डाक्टरों के चैंबर के बाहर भी दलाल मंडरा रहे थे और वे अपने काम को पहले की तरह अंजाम दे रहे थे।
जब उन्होंने इसका विरोध किया तो वहां मौजूद मरीजों के तीमारदारों ने मामला शांत कराया। आशा कर्मचारी संघ की प्रवीणा ने कहा कि इस मामले को लेकर वह सोमवार को डीएम व एसपी को लिखित शिकायतीपत्र देने के साथ आज बनाया गया वीडियो भी सौंपेगी।
बोलीं, दलाल धमका रहे, डीएम व एसपी को सौंपेंगी धमकाने का वीडियो
अमर उजाला ब्यूरो