फफूंद थाना पुलिस ने दिल्ली व एनसीआर क्षेत्रों से वाहन चुराने वाले गैंग के सरगना समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की 12 बाइक और दो कारें बरामद की। मौका पाकर दो आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों का अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मंगलवार की रात करीब11 बजे थानाध्यक्ष फफूंद रुपकृष्ण त्रिपाठी सूचना मिली कि भैंसोल निवासी खुशनूर खां पुत्र नन्हें खां अपने साथियों के साथ दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से वाहन चुराकर बेंचता है। इस काम में खुशनूर एक संगठित गिरोह भी संचालित किए हुए है। जिनकी मदद से वह चार पहिया व दो पहिया वाहनों की चोरी कराकर फर्जी कागजात तैयार कर उनको बेचने का काम करता है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ने एसआई गणेश शंकर चौबे, एसआई दौलतराम शाक्य, एचसीपी रामप्रताप तोमर व एचसीपी मुस्तफा खां के साथ बताए गए ठिकाने पर छापा मारा।
पुलिस को देख वाहन चोरों ने भागने का प्रयास किया। जिसमें गैंग का सरगना खुशनूर खां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में सरगना की निशानदेही पर गांव भैंसोल निवासी शब्बीर खां पुत्र अलाउद्दीन, नीरज कुमार पुत्र रज्जन लाल, मनोज कुमार पुत्र ओम प्रकाश गुप्ता, आनंद तिवारी पुत्र अतेंद्र तिवारी , संजीव कुमार पुत्र श्रीकृष्ण, सुभाष पुत्र सूरज पाल निवासी रामपुर वैश्य थाना अछल्दा, राकेश कुमार उर्फ पिंटू पुत्र जगन्नाथ निवासी भैंसोल, नाथूराम पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी सल्लूपुर थाना फफूंद, अजब सिंह पुत्र ख्यालीदास निवासी सल्लूपुर फफूंद, हीरालाल पुत्र पूरन सिंह निवासी लक्ष्मन पुरवा थाना फफूंद, प्रेमनारायण पुत्र बाबूराम निवासी सल्लूपुर फफूंद को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं अंकित उर्फ वंकू पुत्र अमर सिंह दोहरे निवासी भैंसोल थाना फफूंद व सनोज कुमार उर्फ सोनू पुत्र अरविंद कुमार दोहरे निवासी मानपुरा थाना चकरनगर इटावा भागने में सफल रहे। इस कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने पुलिस टीम को बधाई दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए वाहनों में कुछ औरैया व इटावा की भी बाइकें हैं। जिनकी पहचान कराई जा रहीं है। इधर, पुलिस सभी वाहनों के चेचिस व इंजन नंबर के आधार पर वाहन स्वामियों का पता लगाने में जुटी है।
फर्जी कागज और नंबर होते थे तैयार
गिरोह के लोग चुराए हुए वाहनों के फर्जी कागजात और नंबर तैयार कर लेते थे। फर्जी कागज के आधार पर यह लोग वाहन बेंच देते थे। बहुत बड़े स्तर से यह काम कई महीनों से चल रहा था। फर्जी कागज बनाने वाला फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
रात भर चली छापेमारी से मचा रहा हड़कंप
पुलिस मंगलवार रात से चला रही छापेमारी को बुधवार की रात तक चलाती रही। कई लोगों को उठाया गया। पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। आस पास के कई मोटर पार्टस की दुकानों से भी बाइके उठाई गई जो कि बाद में असली कागज दिखाने पर छोड़ दी गई।