औरैया। पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई। जिले के सात ब्लाकों पर देर रात तक हुई मतगणना में 100 प्रधान पद के परिणाम घोषित कर दिए गए। जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ ग्राम पंचायत सदस्यों की मतगणना जारी है। जिला पंचायत में कई प्रत्याशी लंबे आंकड़े से आगे चल रहे हैं। तो कुछ प्रत्याशी कभी आगे तो कभी पीछे होते नजर आए।
रविवार को जिले में 477 ग्राम पंचायत, 23 जिला पंचायत, 580 क्षेत्र पंचायत तथा 5909 ग्राम सदस्यों के लिए मतगणना शुरू हो गई। जिले के सात ब्लाक सहार, अछल्दा, औरैया, भाग्यनगर, बिधूना, एरवाकटरा तथा अजीतमल की मतगणना देर रात तक चलती रही। सबसे पहले गिनती ग्राम पंचायत सदस्यों की हुई। हालांकि इसमें किसी ने रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधानों की गिनती शुरू हुई। दोपहर 12 बजे के बाद से प्रधान पद के परिणाम आने लगे। पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच मतगणना का काम देर रात तक चलता रहा। जिसमें 477 में 100 प्रधान विजयी घोषित किए जा चुके थे। संबंधित ब्लाकों के रिटर्निंग आफीसरों ने विजयी प्रधान व बीडीसी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिए।