गजरौला। शादी का वादा कर रजबपुर थाना क्षेत्र के युवक ने युवती से कई होटलों में दुष्कर्म किया। दो बार गर्भवती होने पर ठंडे पेय में दवाई पिलाकर गर्भपात कराने का भी आरोप है। शिकायत करने पर आरोपी के माता-पिता और भाई ने युवती से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के मुताबिक, उसका दो साल से उसका कोमल नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक ने शादी का वादा किया था और मिलने के बहाने कभी होटल तो कभी गेस्ट हाउस में बुलाकर दुष्कर्म करता था। एक होटल भाजपा नेता का है। शादी का दबाव बनाने पर युवक टालता रहा। इस दौरान युवती दो बार गर्भवती हुई। आरोप है कि कोमल ने ठंडे पेय में दवाई मिलाकर पिलाई, जिससे उसका गर्भपात हो गया।
युवती ने कोमल के माता-पिता हरि सिंह, मिथलेश और भाई कौशल से शिकायत की तो तीनों ने भी उसके साथ मारपीट की। दोबारा शादी की बात करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कोमल, हरि सिंह, मिथलेश और कौशल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।