मंडी धनौरा (अमरोहा)। गांव के राशन डीलर के चुनाव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को वरीयता नहीं दिए जाने के विरोध में ग्राम पंचायत नसीरपुर की महिलाओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गलत तरीके से किए गए राशन डीलर के चुनाव को रद्द करने की मांग की।
शुक्रवार को गांव नसीरपुर की महिलाएं एसडीएम कार्यालय पहुंची। दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करते हुए महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में राशन विक्रेता के लिए हुए चुनाव में स्वयं सहायता समूह को प्राथमिकता नहीं दी गई, जबकि पहले कहा गया था कि राशन विक्रेता का चयन स्वयं सहायता समूह से किया जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप था कि उनकी जानकारी के बगैर ही अपने पसंदीदा व्यक्ति के पक्ष में राशन विक्रेता का चुनाव कर लिया गया। ग्रामीणों ने चुनाव को रद्द करने की मांग के लिए प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जगवती, सुनीता, ममता देवी, मिथलेश, मीना, प्रवेश मौजूद रही।