यह पहली बार सुन रहे होंगे कि गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों के विरोध के बाद भी शराब की दुकान को जबरन खुलवा दिया। पुलिस पर आरोप है कि विरोध पर ग्रामीणों के साथ मारपीट भी की। उनको झूूठे मामलों में फंसाने की भी धमकी दी। महिला एवं युवतियों को भी नहीं बख्शा। दुकान की सुरक्षा के लिए दो सिपाही भी तैनात कर दिए गए।
जोया ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत निजाम नगला में मुंडी सरकड़ी, दानपुर, मकनपुर, नगला कलां गांव पड़ते हैं। मकनपुर के नाम से नगला कलां में शराब की सरकारी दुकान है। इन गांवों के अलावा कालाखेड़ा के ग्रामीण कई दिन से सड़क पर उतर कर गांव में शराब की दुकान का विरोध कर रहे हैं।
हाथों में लाठी डंडे लेकर ग्रामीण, महिला और युवतियां दुकान को बंद कराने के बाद लगातार विरोध कर रहीं हैं। तीन-चार दिन से दुकान खुलने नहीं दी है। बृहस्पतिवार को नगला कलां का माहौल उस समय गरमा गया जब डिडौली कोतवाली के दो दारोगा पुलिस बल के साथ ही महिला कांस्टेबलों को साथ लेकर गांव में पहुंचे।
विरोध कर रहे ग्रामीणों से दुकान खुल जाने देने के लिए कहा। शराब की दुकान बंद कराने के लिए कई दिन से लगातार सड़क पर उतरे ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी कीमत पर गांव में शराब की दुकान को चलने नहीं दिया जाएगा। इससे गांव बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। युवा वर्ग पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। रात को पीने के बाद लोग घरों में लड़ाई झगड़े करते हैं।
पुलिस ने कहा कि गांव की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकान खोलने से कोई नहीं रोक सकता। यह भी कहा कि अफसरों के आदेश पर ही पुलिस शराब की दुकान खुलवाने आई है। पुलिस पर आरोप है कि जिद पर अड़े ग्रामीणों के साथ अभद्रता एवं मारपीट की।
उनको झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप है। महिलाओं एवं युवतियों को भी पुलिस ने नहीं बख्शा। ग्रामीणों को खदेड़ने के बाद पुलिस ने जबरन दुकान खुलवा दी। सुरक्षा के लिए यहां दो सिपाही तैनात कर दिए गए। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने किसी को नहीं धमकाया या डराया है। यह कहा था कि लाइसेंस निरस्त कराने के लिए जिलाधिकारी से मिलें। लाइसेंस नहीं होगा तो दुकान भी नहीं खुलेगी।
शराब की दुकान के विरोध में उतरे ग्रामीणों को डिडौली पुलिस ने समझाकर शराब की दुकान का लाइसेंस निरस्त कराने की मांग के लिए डीएम के पास भेज दिया था। पुलिस की ओर से जबरन दुकान नहीं खुलवाई गई है। प्रशासन दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दे तो किसी भी कीमत पर खुलने नहीं दी जाएगी।
-डा.शिवा शिंपी चनप्पा पुलिस अधीक्षक।
मकनपुर के नाम से नगला कलां में चल रही शराब की दुकान का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है और इसमें वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- वेद प्रकाश जिलाधिकारी, अमरोहा।