आदमपुर। गांव हयातपुर निवासी सुमन (30) का शव गांव के पास ही खेत में दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। ग्रामीणों के मुताबिक, परिजनों से कहासुनी होने के बाद सुमने थाने में शिकायत करने की बात कहकर घर से निकली थी। उधर, पुलिस प्रथम दृष्टतया आत्महत्या मान रही है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
गांव हयातपुर निवासी ओमवीर सिंह हरियाणा में मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी सुमन तीन बच्चों के साथ गांव में रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि सुमन का परिवार के लोगों से विवाद चल रहा है। मंगलवार सुबह सुमन की परिवार के लोगों के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह सुबह करीब दस बजे घर से यह कहकर निकली थी कि वह आदमपुर थाने में शिकायत करने जा रही है लेकिन शाम तक भी घर नहीं लौटी।
शाम करीब चार बजे गांव के कुछ लोगों ने आदमपुर को जाने वाले रास्ते के किनारे जंगल में पेड़ पर फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना मिलते ही अन्य ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेसिंक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। उन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पति हरियाणा से लौट रहा है। उसके आने पर ही पुलिस को तहरीर दी जाएगी। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्टतया मामला आत्महत्या से जुड़ा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि महिला शिकायत करने थाने नहीं पहुंची थी।