सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के बागड़पुर इम्मा गांव में किसान विजयपाल सिंह शराब पीने का आदी था। वह अपनी पत्नी रजनी को शराब पीकर पीटता था। करीब एक महीने पहले झगड़ा होने पर रजनी अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। दोनों पक्षों में आपसी समझौते के बाद करीब एक सप्ताह पहले ही रजनी घर लौटी थी। नौ सितंबर की रात विजयपाल सिंह की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। 10 सितंबर की सुबह उसका शव बिस्तर पर मिला।
पूछताछ में रजनी बार-बार अपने बयान बदल रही थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज गया। जिसमें गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। सीओ ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी पत्नी रजनी को गिरफ्तार किया। आरोपी रजनी ने विजयपाल की हत्या करने की बात कबूल कर की। उसने पुलिस को बताया कि विजयपाल शराब पीकर रजनी के साथ मारपीट कर उसका उत्पीड़न करता था।
करीब दो महीने पहले विजयपाल ने नौ लाख रुपये की जमीन बेचकर पैसा अपने चाचा के खाते में जमा कर दिया था। रजनी चाहती थी कि पैसे उसे मिले, जिससे उसके बच्चों की अच्छी परवरिश हो सके। घटना की रात विजयपाल शराब के नशे में धुत था। इस दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ। तभी रजनी ने दुपट्टे से विजयपाल का गला घोंटकर हत्या कर दी थी। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।