दूसरी लहर की तरह इस बार में भी कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार रात नोएडा लैब से आई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में 24 पॉजिटिव मिले हैं। जबकि 14 मरीज एंटीजन जांच संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में छह बच्चे 8 से 10 साल तक के हैं। जबकि 12 महिलाएं शामिल हैं। इसमें अमरोहा में 19, मंडी धनौरा में नौ, हसनपुर से 7, गजरौला में दो और जोया में एक मरीज मिला है। 38 केस मिलने के बाद इस लहर में कोरोना के मरीजों की संख्या 106 हो गई है। वहीं दो दिन पहले अमरोहा की एक महिला की मुरादाबाद के निजी अस्पताल में मौत हो गई थी, वह एंटीजन जांच में कोरोना संक्रमित पाई गई थी। वहीं शनिवार को 553 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं।
सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार की रात नोएडा लैब से आई करीब 560 आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई थी। जिसमें डिडौली कोतवाली में एक पुलिस कर्मी, हसनपुर सीएचसी में एक स्वास्थ्य कर्मी और बारह महिलाओं समेत 24 लोग पॉजिटिव मिले हैं। जबकि 12 लोग एंटीजन जांच में संक्रमित मिले हैं। इस लहर में कोरोना के मरीजों की संख्या 106 हो गई है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 120 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि किडनी की बीमारी से ग्रस्त अमरोहा की एक 23 वर्षीय महिला मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती थी। इस दौरान वह एंटीजन जांच में कोरोना संक्रमित पाई गई, जिसकी उपचार के मौत हो गई थी। हालांकि महिला की मौत की संख्या अभी विभाग के पोर्टल पर दर्ज नहीं हुई है।
उधर हसनपुर, गजरौला, मंडी धनौरा, जोया, रहरा और जिला अस्पताल में 915 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें 358 लोगों की एंटीजन जांच कराई गई। जबकि 553 लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए नोएडा लैब भेजे गए हैं। जबकि 4 लोगों की ट्र्रूनेट जांच कराई गई थी।