दो बच्चों की मां शादीशुदा प्रेमी से निकाह करने की जिद पर अड़ गई। दोनों के प्रेम प्रसंग का मामला थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों में पंचायत हुई। बच्चों को लेकर पंचायत में पहुंची महिला से प्रेमी ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। पंचायत में महिला को समझा कर उसके पति के साथ घर भेज दिया। मामले में कार्रवाई नहीं की गई है।
यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाली दो बच्चों की मां का क्षेत्र के एक गांव निवासी शादीशुदा युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवक भी दो बच्चों का पिता है। बताते हैं कि दो दिन पहले दोनों ने मोबाइल पर कर घर से फरार होने की योजना बनाई। इसलिए दूसरे दिन महिला ने अपने मासूम बच्चे को पीटना शुरू कर दिया।
पति ने इसका विरोध किया तो महिला शिकायत लेकर कोतवाली पहुंच गई। इसकी भनक लगने पर प्रेमी भी कोतवाली पहुंच गया। इसके बाद में पति भी आ गया। इसी बीच महिला ने प्रेमी के संग निकाह कराने की बात कही तो पति के होश उड़ गए। जानकारी मिलते ही प्रेमी की पत्नी भी कोतवाली आ धमकी। इस दौरान कोतवाली में हंगामा शुरू हो गया। दोनों महिलाओं में नौबत मारपीट तक पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया।
इसके बाद दोनों पक्षों की पंचायत जुट गई। महिला भी अपने दोनों बच्चों को लेकर पंचायत में पहुंच गई और प्रेमी के शादी निकाह करने की जिद करने लगी। उधर युवक की पत्नी का गुस्सा भड़क गया। वह भी मरने-मारने की जिद पर उतर आई। इसी बीच युवक ने महिला से शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद पंचायत ने विवाहिता को समझाकर पति के साथ घर भेज दिया। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि पारिवारिक विवाद था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।