शहर में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी। आरोप ससुराल वालों पर है। वारदात को अंजाम देेने के बाद आरोपी शव घर छोड़ फरार हो गए। पड़ोसियों के फोन करने पर मायके वाले पहुंचे। विवाहिता की हत्या पर हंगामा किया।
इकटठा हुए मोहल्ले के लोग उनसे मारपीट को उतारू हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस व सदर तहसीलदार पहुंच गए। आरोपियों पर मामला दर्ज कर तहसीलदार ने पंचनामा भरवाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र के शिव विहार कालोनी निवासी राम सिंह सैनी ने अपनी बेटी तारावती (29) की शादी शहर कोतवाली के किशनगढ़ मोहल्ले में सोनू सैनी पुत्र रामपाल के साथ की। तारावती की शादी में खूब दान दहेज दिया था।
इसके बाद भी ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह कम दहेज बताकर विवाहिता को प्रताड़ित करते थे। हफ्ता भर पूर्व ससुराल वालों ने तारावती को मारा पीटा। पता लगने पर मायके वाले आए। तारावती को अपने साथ ले जाने लगे तो रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों ने समझाकर शांत कर दिया।
साथ ही विवाहिता की सुरक्षा की गारंटी भी ली। सोमवार की तड़के फंदा लगाकर विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया। इधर वारदात को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए। उधर पड़ोसियों से फोन पर मिली खबर पर मायके वाले किशनगढ़ पहुंचे। विवाहिता के गले पर निशान थे।
हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी ऋषिराम कठेरिया पुलिस के साथ पहुंच गए। तहसीलदार सदर धर्मेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी की। तहसीलदार ने पंचनामा भरवाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हफ्ता भर पूर्व दी थी जान से मारने की धमकी
शहर के किशनगढ़ मोहल्ले में सोमवार की तड़के दहेज की भेंट चढ़ी तारावती को हफ्ता भर पूर्व सोनू ने जान से मारने की धमकी दी थी। मायके वालों के मुताबिक शादी के बाद से ही तारावती का उत्पीड़न कर रहे थे। दो साल पहले की घटना है, जब उत्पीड़न बर्दाश्त से बाहर हो गया तो वह अपने मायके पहुंची।
मुरादाबाद महिला थाने में मामला दर्ज करा दिया। बाद में रिश्तेदार और संबंधियों के कहने पर समझौता हो गया तथा तारावती ससुराल आकर रहने लगी। आठ दिन पूर्व तारावती के साथ खूब मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी दी। पता लगने पर मायके वाले आए। विवाहिता को अपने साथ ले जाने लगे, मगर मोहल्ले के लोगों ने तारावती की सुरक्षा की गारंटी ली। जिसके कारण विवाहिता को मायके वाले यहीं छोड़ गए। उनको क्या पता था कि ससुराल वाले तारावती को मौत के घाट उतार देंगे।
मासूमों से छिना मां का प्यार
किशनगढ़ में दहेज के लिए मारी गई तारावती पर दो वर्षीय बेटी पूर्वी व एक वर्ष का बेटा मयंक है। तारावती की मौत से उसके दोनों मासूमों बच्चों से मां की गोद छिन गई है। दोनों मासूमों को यह नहीं पता कि उनकी मां दुनिया में नहीं रही। मृतका की बुआ श्यामादेवी की गोद में दोनों सुबक रहे थे।